हिमाचल प्रदेश: शिमला में महसूस किए भूकंप के झटके, जानिए क्या रही तीव्रता
प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार सुबह भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के झटके सुबह 7 बजकर 2 मिनट 50 सेकंड पर महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.2 आंकी गई। भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई पर रहा। हालांकि, तीव्रता कम थी जिससे किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। नेशनल सेंटर ऑफ सिस्मॉलॉजी ने भूकंप की पुष्टि की है। हालांकि, भूकंप के झटके हल्के थे और इससे किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। शिमला जिले का अधिकांश क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील जोन 5 में आता है। हिमालयी क्षेत्र होने के कारण शिमला के अलावा चंबा, किन्नौर, मंडी, कांगड़ा के भी कुछ क्षेत्र भूकंप जोन के अति संवेदनशील क्षेत्र में आते हैं।
बता दें कि भारत ने पिछले साल कई भूकंप देखे हैं, जिससे बेहतर आपदा तैयारी की ज़रूरत उजागर हुई है। भूकंप तब आते हैं जब पृथ्वी की पपड़ी में दबाव बढ़ता है। ये पपड़ी बड़ी प्लेटों से बनी होती है जो धीरे-धीरे हिलती हैं और इन्हीं हलचलों के कारण भूकंप आते हैं, जब भूकंप किसी आबादी वाले इलाके में आता है, तो इससे काफ़ी नुकसान हो सकता है। भारत का लगभग 59% हिस्सा भूकंप के प्रति संवेदनशील है, और भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने भूकंप के जोखिम के आधार पर देश को चार भूकंपीय क्षेत्रों में वर्गीकृत किया है। ज़ोन V सबसे सक्रिय है, जिसमें हिमालय जैसे क्षेत्र शामिल हैं, जबकि ज़ोन II सबसे कम प्रभावित है।
