हिमाचल में 72 घंटे तेज बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, 3 जिलों में ओलावृष्टि, 5 डिग्री तक लुढ़का पारा
हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम खराब बना हुआ है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई है। बर्फबारी के कारण कई पर्यटक रविवार को बर्फबारी होने के बाद अटल टनल पर फंस गए थे। जिन्हें रेस्क्यू करके मनाली भेजा गया था। वहीं आज (बुधवार) से भारी बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इससे राज्य में अगले 72 घंटे तक बादल बरसेंगे। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 18 मार्च की शाम से मौसम बदलेगा और 21 मार्च की सुबह तक प्रदेश में बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। इस दौरान अधिक और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी, जबकि निचले और मैदानी इलाकों में 18 से 20 मार्च के बीच बारिश होगी। IMD के मुताबिक, बुधवार से एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का ज्यादा असर मनाली, शिमला, कुफरी, नारकंडा, सोलंग वैली और सिस्सू जैसे पर्यटन स्थलों पर ज्यादा रहेगा। इन जगह बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
18 और 19 मार्च को कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 19 और 20 मार्च को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में भारी बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा 18 से 20 मार्च के बीच कई जिलों में आंधी, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। राज्य में बीते तीन दिन से हो रही बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ों पर इससे मार्च में जनवरी जैसी ठंड लौट आई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और न्यूनतम तापमान नॉर्मल से माइनस 3.3 डिग्री नीचे लुढ़क चुका है। 3 शहरों का न्यूनतम तापमान माइनस में चला गया है। कुकुमसेरी का माइनस 4.6 डिग्री, केलांग का माइनस 4 डिग्री और कल्पा का माइनस 3 डिग्री तक लुढ़क चुका है। इसी तरह, बिलासपुर को छोड़कर अन्य सभी शहरों का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे लुढ़क गया है। मंडी, नाहन और भुंतर का पारा सामान्य से 5 डिग्री से ज्यादा नीचे गिरा है।
