हिमाचल में आज आंधी-तूफान का अलर्ट, 29 और 30 मार्च को भारी बारिश-बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। भले ही 28 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन बादल गुरुवार से बरसना शुरू हो जाएंगे। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पूरे प्रदेश में हल्की बारिश के साथ ठंडी हवा चलने के आसार हैं। 27 मार्च को भी बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के 28 मार्च की रात से सक्रिय होने के आसार हैं। इसके प्रभाव से राज्य के कुछ स्थानों पर 28 और 31 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
विशेष रूप से 29 और 30 मार्च को पूरे हिमाचल में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के अन्य 10 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। इन दिनों कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है। 31 मार्च को भी अधिक ऊंचे एवं मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश बर्फबारी जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में गिरावट आएगी।
वहीं कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और चंबा जिले में आज आंधी तूफान का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, कल वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ेगा और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। लेकिन 28 मार्च से एक बार फिर स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा।
