मंडी: पंडोह डैम के पास भीषण हादसा, बस और कार की टक्कर, दो की मौ**त, 2 घा**यल
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में वीरवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो की हालत गंभीर बनी हुई है। मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर पंडोह डैम के समीप वीरवार सुबह एक बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार निजी बस कनिका मंडी से कुल्लू की ओर जा रही थी, जबकि कार नंबर एचपी 28 बी 2541 कुल्लू से मंडी की तरफ आ रही थी। पंडोह डैम के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में 23 वर्षीय शशांक शर्मा पुत्र विनोद कुमार, निवासी गांव मजवान, डाकघर कलखर, बलद्वाड़ा और 22 वर्षीय गायत्री देवी पुत्री राकेश कुमार निवासी गांव रिहाली टांडा डाकघर भाम्बला जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में 21 वर्षीय कश्मीर सिंह पुत्र नूर चंद निवासी गांव गद्दालस रंधाड़ा तहसील बल्ह, जिला मंडी और 21 वर्षीय दीक्षा चौहान पुत्री राजेश कुमार निवासी गांव हटली, पत्याला बंगाना जिला ऊना घायल हो गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
