हिमाचल में लुढ़का पारा, बर्फ से ढकी ऊंची चोटियाँ, आज और कल ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल के ऊंचे क्षेत्रों रोहतांग दर्रा, धर्मशाला में धौलाधार और किन्नौर में रविवार को बर्फबारी हुई। निचले क्षेत्रों जैसे शिमला, धर्मशाला समेत अन्य क्षेत्रों में रुक रुक कर बारिश होती रही। इससे प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आई और ठंड में बढ़ोतरी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश में सोमवार को भी तीन जिलों कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि व अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा के लिए भी तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मंगलवार को कुछ क्षेत्रों में मौसम शुष्क भी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 4 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों को सोलंग बैरियर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। वहीं हिमपात के कारण शिंकुला टॉप से वाहनों की आवाजाही बंद रही। पिछले दिनों मनाली-दारचा-कारगयाक-पदम होते हुए लेह को जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग पर यातायात बहाल होने से क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को बड़ी राहत मिली। पर्यटन नगरी मनाली से दोपहर तक अटल टनल रोहतांग की तरफ वाहनों की आवाजाही बाधित रही। हालांकि इस बारिश से किसानों-बागवानों की चिंता भी बढ़ी है। सेब और नाशपाती की फ्लावरिंग पर इसका असर पड़ सकता है। गेहूं की फसल पर भी नुकसान का खतरा मंडरा रहा है। गेहूं की फसल के लिए अधिकतर इलाकों में धूप की दरकार है।
रविवार को शिमला का अधिकतम तापमान 14.2 रहा, जिसमें -5.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सुंदरनगर का 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो -4.9 डिग्री सेल्सियस गिरा। धर्मशाला का तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा और -3.0 डिग्री सेल्सियस गिरा। मनाली का तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा और इसमें -4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही। नेरी का 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें -1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई।
