हिमाचल: प्रदेश में आज खिलेगी धूप, 13 और 16 फरवरी को बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 10 तारीख को मौसम खराब होने का पूर्वानुमान लगाया था लेकिन ज्यादातर भागों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे, परन्तु बारिश-बर्फबारी नहीं हुई। वहीं प्रदेश में आज यानी वीरवार को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इससे तापमान में हल्का उछाल आएगा। मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा सुबह 10 बजे तक लोगों को परेशान कर सकता है। 13 और 16 फरवरी को अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ों पर हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है, जबकि 14 व 15 फरवरी को धूप खिलने के आसार हैं।
इस विंटर सीजन में अब तक सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, एक जनवरी से 10 फरवरी के बीच 114.3 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 101.7 मिलीमीटर बादल बरसे हैं। इसी तरह, फरवरी माह में अब तक सामान्य से 51 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इससे पहले नवंबर में सामान्य से 96 प्रतिशत कम, दिसंबर में 99 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 22 तारीख तक जनवरी भी सूखा रहा। हालांकि 23 और 28 जनवरी को अच्छी बारिश-बर्फबारी हुई। मगर पूरे विंटर सीजन के दौरान बारिश नहीं हुई।
