हिमाचल में आज खिलेगी धूप, 2 दिन ओलावृष्टि-बारिश और तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम साफ रहा। हालांकि ऊपरी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बादल छाए रहे। वीरवार को भी राजधानी शिमला सहित अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहेगा लेकिन मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार दो अप्रैल को राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 3 से 7 अप्रैल तक राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार भी हैं। आगामी 3-4 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
वहीं, सेब बहुल क्षेत्रों में मंगलवार रात को ओलावृष्टि ने बागवानों को भारी क्षति पहुंचाई है। सेब बहुल क्षेत्र 12/20, दरकाली, शलाटी घोड़ी और नोगवैली की करीब पंचायतों में ओलावृष्टि से सेब सहित अन्य फसलें क्षतिग्रस्त हुईं। उपमंडल की रचोली, डंसा, लालसा, देवठी, कूहल, मुनीश, काशापाट, दरकाली और तकलेच पंचायत में ओलावृष्टि से भारी नुकसान पहुंचा है। नित्थर में भी ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है।
मंगलवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6, सुंदरनगर में 12.9, भुंतर में 11.2, कल्पा में 3.4, धर्मशाला में 9.8, ऊना में 14.3, नाहन में 13.1, केलांग में 0.1, सोलन में 11.4, मनाली में 7.2, कांगड़ा में 15.2, मंडी में 13.7, बिलासपुर में 16.0, चंबा में 14.1, जुब्बड़हट्टी में 12.4, कुफरी में 5.4, कुकुमसेरी में 3.0, कसाैली में 11.7, पांवटा साहिब में 20.0, देहरा गोपीपुर में 18.0, ताबो में 1.8 और नेरी में 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
