हिमाचल: इन क्षेत्रों में 2 दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, 2 मार्च तक कैसा रहेगा माैसम, जानें
हिमाचल प्रदेश में बीते 2 दिनों से मौसम साफ बना हुआ है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 26 फरवरी तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 27 फरवरी से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 27 को ऊंची चोटियों व 28 फरवरी को उच्च व मध्य पर्वतीय कुछ भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। इस दाैरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति के कुछ भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 1 व 2 मार्च को पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं।
वहीं जहां बीते कई दिनों से प्रदेश के तापमान में उछाल आया था वहीं अब ऊंचे क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी के बाद तापमान में हल्की गिरावट आएगी। किन्नौर के कल्पा के अधिकतम तापमान में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 7.6 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया और यहां का अधिकतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। कांगड़ा का पारा सामान्य से 5.9 डिग्री ज्यादा के साथ 26.2 डिग्री, भुंतर का पारा सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक के साथ 24.8 डिग्री, शिमला का पारा 4.6 डिग्री के उछाल के बाद 18 डिग्री, भुंतर का 5.7 डिग्री के उछाल के बाद 24.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
हिमाचल प्रदेश में माैजूदा विंटर सीजन में अभी तक सामान्य से 39 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 जनवरी से 24 फरवरी की अवधि के लिए 166.6 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 102.1 मिलीमीटर बारिश ही हुई। ऊना व सोलन को छोड़कर सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। बिलासपुर में सामान्य से 12, चंबा 55, हमीरपुर 10, कांगड़ा 36, किन्नाैर 64, कुल्लू 25, लाहाैल-स्पीति 38, मंडी 19, शिमला 41 व सिरमाैर में 19 फीसदी कम बारिश हुई। सोलन में सामान्य से 5 व ऊना में 28 फीसदी अधिक बारिश हुई।
