सुजानपुर: 1 मार्च से शुरू होगा राष्ट्र स्तरीय होली मेला, आकाशीय लालटेन बनेगा आकर्षण का केंद्र
हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में 1 मार्च से 4 मार्च तक राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव-2026 आयोजित होने जा रहा है। इस बार इस उत्सव में कई नई गतिविधियां शामिल की जा रही हैं। उत्सव को आकर्षक बनाने के लिए आयोजन समिति विशेष प्रयास कर रही है। वहीं उत्सव के उद्घाटन अवसर पर 1 मार्च की शाम को टीहरा के ऐतिहासिक किले से आकाशीय लालटेन उड़ाई जाएंगी। ये लालटेन उत्सव स्थल चौगान की ओर जाएंगी, जिससे सुजानपुर का आसमान रोशनी से जगमगा उठेगा। जिसकी जानकारी उपायुक्त एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की आयोजन समिति की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने दी।
इस दौरान ऐतिहासिक किले के परिसर में दीप भी प्रज्जवलित किए जाएंगे। यह उद्घाटन समारोह का एक प्रमुख आकर्षण होगा। उपायुक्त ने यह भी बताया कि 3 मार्च की शाम 6:30 बजे व्यास नदी के किनारे व्यास आरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि होली उत्सव को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कई अन्य गतिविधियों की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। इस होली मेले में प्रदेश के मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि आते हैं। तथा क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं उनके द्वारा लाई जाती हैं। वहीं 10 मार्च को सुजानपुर में भव्य एयर शो आयोजित होगा, जिसके लिए रक्षा मंत्रालय से भी मंजूरी मिल चुकी है।
