हिमाचल: 26 मार्च को बारिश-बर्फबारी के आसार, आज और कल खिलेगी धूप
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को रोहतांग दर्रा सहित लाहौल और मनाली की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। कुल्लू में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। राजधानी शिमला में शाम को ओलावृष्टि हुई। प्रदेश में आज और कल दो दिन तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर पड़ेगा। इस दौरान लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू के अधिक ऊंचे क्षेत्रों को छोड़कर अन्य भागों में धूप खिलेगी। 26 मार्च को फिर से पूरे प्रदेश में बारिश-बर्फबारी होगी। इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 27 और 28 मार्च को फिर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर पड़ेगा। 29 मार्च को दोबारा भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इस दिन अधिक ऊंचे पहाड़ों पर भारी हिमपात और निचले व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है। प्रदेश में बीते एक सप्ताह (16 से 23 मार्च के बीच) के दौरान सामान्य से 129 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। इस अवधि में 29.5 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 67.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान ऊना जिले में सामान्य की तुलना में 864 फीसदी अधिक बारिश हुई है।
हमीरपुर जिले में सामान्य की तुलना में 477 फीसदी अधिक, बिलासपुर में 440 फीसदी, सोलन में 461 फीसदी, सिरमौर में 395 फीसदी, मंडी में 306 फीसदी, शिमला में 222 फीसदी, कांगड़ा में 182 फीसदी, किन्नौर में 104 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 52 फीसदी और कुल्लू में 259 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में और गिरावट आएगी। राज्य का औसत अधिकतम तापमान पहले ही सामान्य से 1.3 डिग्री कम चल रहा है। मौसम में बदलाव के कारण चंबा में तापमान में सबसे ज्यादा 8.5 डिग्री की कमी दर्ज की गई है, जिसके बाद पारा 20.5 डिग्री सेल्सियस रह गया है।
