हिमाचल: मैदानी क्षेत्रों में बड़ी ठण्ड, दो जिलों में येलो अलर्ट
प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में जहां इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में ठंड ज्यादा पड़ रही है। पहाड़ों पर अभी न ज्यादा ठंड और न ही गर्मी है। इससे देशभर से टूरिस्ट पहाड़ों का रुख करने लगा है। आज से रोहतांग पास के लिए भी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक पहाड़ों पर मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान बारिश व बर्फबारी के आसार नहीं है। इससे दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक और रात का तापमान नॉर्मल से कम रहेगा। खासकर अधिक ऊंचे क्षेत्रों के और मैदानी इलाकों में सुबह-शाम ठंड रहेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शिमला का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मंडी का 7.7 डिग्री, सोलन का 5.8, मनाली का 4.1, हमीरपुर 7.1, धर्मशाला का 8.7 डिग्री और कुल्लू के बजौरा का तापमान 5.8 डिग्री तक लुढ़क चुका है। ऊंचे क्षेत्रों से ठंडी हवाएं चलने की वजह से मैदानी इलाकों में अधिक ठंड पड़ रही है। जब तक पहाड़ों पर अच्छी बारिश बर्फबारी नहीं होती, तब तक मैदानी इलाकों में सुबह-शाम व रात में ठंड छाई रहेगी।
बीते 24 घंटे के दौरान कुछ क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में हल्का उछाल आया है। इसके बाद भी राज्य के 24 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम है। ताबो का रात का तापमान सबसे कम -5.6 डिग्री और कुकुमसेरी का -5.1 डिग्री तक गिर चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज दो जिलों में कोहरा छाने का यलो अलर्ट दिया है। मंडी की बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा बांध के आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। इससे विजिबिलिटी भी 200 मीटर तक कम होने का अनुमान है।
