हिमाचल: प्रदेश में बढ़े बर्फानी तेंदुए, 51 से 83 पहुंचा कुनबा
हिमाचल प्रदेश में बर्फानी तेंदुओं का कुनबा बढ़ गया है। चार साल में प्रदेश में 32 तेंदुए बढ़े हैं। वीरवार को 74वें वन्य प्राणी सप्ताह के शुभारंभ पर पीसीसीएफ अमिताभ गौतम ने स्नो लैपर्ड इन हिमाचल प्रदेश-2025 पुस्तिका का विमोचन किया, जिसमें बर्फानी तेंदुओं की संख्या बढ़ने का उल्लेख है। हाल ही में हुए सर्वेक्षण के अनुसार अब राज्य में बर्फानी तेंदुओं की संख्या 83 पहुंच गई है। वर्ष 2021 में इनकी संख्या 51 थी।
वन्य प्राणी प्रभाग हिमाचल प्रदेश ने नेचर कंजर्वेशन फाउंडेशन बंगलूरू के साथ मिलकर स्टेटस ऑफ स्नो लैपर्ड इन हिमाचल पर अध्ययन किया। अध्ययन के मुताबिक 26,112 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सर्वे किया गया, जिसमें कैमरा ट्रैप तकनीक से 44 बर्फानी तेंदुए तो 262 बार कैमरों में कैद हुए। सर्वे के अनुसार स्पीति की पिन घाटी, ऊपरी किन्नौर और ताबो क्षेत्र में तेंदुओं का घनत्व सबसे अधिक पाया गया। इनके अलावा नीली भेड़, हिमालयी आइबैक्स, कस्तूरी हिरण, हिमालयी भेड़िया, भूरा भालू, रेड फॉक्स, स्टोन मार्टन और माउंटेन वेसल जैसी प्रजातियां भी दर्ज हुई हैं।
इस सर्वेक्षण की एक और बड़ी उपलब्धि यह है कि इसने दो नई प्रजातियों की उपस्थिति को हिमाचल में पहली बार आधिकारिक रूप से पुष्ट किया है जो है पल्लस की बिल्ली (किन्नौर क्षेत्र में), ऊनी उड़न गिलहरी (लाहौल क्षेत्र में)। हिमाचल प्रदेश ने इस पूरे सर्वेक्षण को सिर्फ एक वर्ष के रिकॉर्ड समय में पूरा करके देश के सामने एक मिसाल कायम की है। इतने बड़े पैमाने पर हिम तेंदुओं का सर्वे इतने कम समय में करने वाला यह देश का पहला राज्य बन गया है।
