हिमाचल: आज बदलेगा मौसम, कल बारिश-बर्फबारी के आसार, तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट
प्रदेश में मौसम आज यानि सोमवार से फिर करवट बदलने वाला हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर और लाहौल-स्पीति सहित कुल्लू, चंबा, मंडी और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज बर्फबारी के आसार हैं। दस फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम खराब बने रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पूरे प्रदेश के मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई गई है। शिमला और मंडी समेत कई भागों में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कल ज्यादा स्ट्रांग होगा। इससे पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश व बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, लाहौल-स्पीति, मंडी और किन्नौर जिलों की अधिक ऊंची चोटियों पर बर्फबारी तथा निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। इससे ठंड में भी इजाफा होगा। बर्फबारी के दौरान स्थानीय लोगों समेत पर्यटकों को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रदेश में 11 फरवरी से मौसम पूरी तरह साफ रहने और 15 फरवरी तक धूप खिलने की भी संभावना है।
पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आएगी। फिलहाल प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा चल रहा है। कई शहरों में यह 6 डिग्री तक सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है। यही वजह है कि फरवरी के मौसम में भी लोगों को हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। हालांकि, रात का पारा कोहरा पड़ने की वजह से सामान्य के आसपास बना हुआ है।
