हिमाचल: प्रदेश भर में आज बिगड़ेगा मौसम, 7 जिलों में तेज तूफान का भी अलर्ट
प्रदेश भर में आज मौसम खराब रहेगा। सोमवार को भी शिमला समेत प्रदेशभर में सुबह से ही बादल छाए रहे। लाहौल-स्पीति की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मंगलवार यानी आज पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान पहाड़ों पर हिमपात और मैदानी जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिला में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने की चेतावनी भी जारी की है।
वहीं आगामी दिनों के मौसम की बात करे तो 11 से 13 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। 14 और 15 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम फिर बिगड़ेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। आज कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक ठंडा इलाका लाहौल-स्पीति का ताबो रहा, जहां माइनस 9.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पांवटा साहिब में 11 डिग्री दर्ज किया गया। रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम दर्रा, शिंकुला दर्रा के अलावा ऊंचे पहाड़ों में रुक-रुक कर फाहे गिरते रहे।
