हिमाचल: आज बिगड़ेगा मौसम, ऊंचे क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार, जानें अपडेट
प्रदेश भर में मौसम पिछले कई दिनों से साफ बना हुआ है। लेकिन प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में आज मौसम खराब रहने और हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं, जबकि प्रदेश के अन्य भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार-कल से पूरे प्रदेश में धूप खिलेगी और 28 फरवरी तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।
वहीं मौसम साफ रहने से प्रदेश में तापमान में भी काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान नॉर्मल से 2.3 डिग्री ज्यादा चल रहा है। कल्पा के तापमान में सबसे अधिक उछाल दर्ज किया गया है, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री बढ़कर 15.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। केलांग का पारा 7.1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 6.1 डिग्री, मनाली का 5.8 डिग्री उछाल के साथ 18.8 डिग्री, कांगड़ा का 4.7 डिग्री बढ़कर 25.0 डिग्री और भुंतर का 5.7 डिग्री उछाल के साथ 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक बढ़कर 17.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
