हिमाचल: आज साफ रहेगा मौसम, दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, जानें अपडेट
हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से मौसम साफ बना हुआ है और आगामी दिनों में भी मौसम के मिजाज में कोई परिवर्तन नहीं दिखाई देगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 15 से 21 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि 17 व 18 फरवरी को उच्च पर्वतीय इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार अवश्य जताए गए हैं, लेकिन किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। विभाग के अनुसार 16 फरवरी को एक ताजा वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, लेकिन इसका असर हिमाचल प्रदेश में नहीं दिखेगा। यानी राज्य में न तो बारिश होगी और न ही बर्फबारी की संभावना है। राज्य भर में रविवार को भी मौसम साफ बना हुआ है।
राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल मनाली में गुनगुनी धूप खिली है, जबकि निचले इलाकों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा दर्ज किया गया। तापमान के लिहाज से देखें तो जनजातीय इलाकों में अभी भी सर्दी का असर बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में -6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मनाली में 2.7, सोलन 4.3, सराहन 4.7, सुंदरनगर 5.7, भुंतर 5.5, कांगड़ा 6.5 , मंडी 7.1 , पालमपुर 7.0 और धर्मशाला में 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। 24 घंटों में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लगातार साफ मौसम के कारण दिन के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो रही है। लगातार साफ मौसम के कारण दिन के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो रही है।
