हिमाचल: आज हीटवेव का येलो अलर्ट, कल से बारिश-बर्फबारी के आसार, जानें अपडेट
हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। जिससे प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आज हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। राहत की खबर यह है कि कल से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। जिससे बारिश-बर्फबारी की संभावना है। बारिश-बर्फबारी के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने मिलेगी।
वर्तमान में प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान भी नॉर्मल से 5 डिग्री ज्यादा हो गया है। लाहौल-स्पीति के केलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 14.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 8.9 डिग्री ज्यादा दर्ज करते हुए 24.7 डिग्री तक पहुंच गया है और कल्पा का पारा 11.2 डिग्री अधिक के साथ 21.8 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के 13 शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। ऊना में सबसे अधिक 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च से प्रदेश में मौसम बदलना शुरू हो जाएगा। इस दिन अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 11 मार्च को पूरे प्रदेश में बारिश होने का पूर्वानुमान है, जबकि 12 मार्च को भी अधिक ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 13 और 14 मार्च को अधिक ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 11 और 12 मार्च को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी-तूफान चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के बाद प्रदेश में तापमान में हल्की गिरावट आएगी और लोगों को मौजूदा गर्मी से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
