हिमाचल में आज खिलेगी धूप कल से 5 दिन बरसेंगे बादल, जानें अपडेट
हिमाचल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह के दौरान मौसम ने करवट ली है। प्रदेश में सामान्य से करीब 82 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, और आने वाले छह दिनों तक भी बारिश और बर्फबारी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हालांकि, आज यानी बुधवार को पूरे राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि 27 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ जाएगा, जिससे केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। लेकिन यह राहत ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी। 28 मार्च से एक बार फिर मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। खासतौर पर 29 और 30 मार्च को पूरे हिमाचल में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के अन्य 10 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट है। इसके साथ ही कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है।
तापमान की बात करें तो प्रदेश के ज्यादातर शहरों में पारा सामान्य से नीचे चल रहा है। मंडी में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। शिमला में 16.4 डिग्री के साथ 1 डिग्री की कमी, नाहन में 24.4 डिग्री के साथ 2.7 डिग्री की गिरावट और सोलन में 23.2 डिग्री के साथ 1.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। आज तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 26 मार्च के बाद फिर से गिरावट का दौर शुरू होने की संभावना है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों और खासकर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
