जसवां-प्रागपुर: राज्य स्तरीय लोहड़ी उत्सव को लेकर BJP मंडल अध्यक्ष का सरकार पर हमला
भारतीय जनता पार्टी ने राज्य स्तरीय लोहड़ी उत्सव 2026 के आयोजन को लेकर आम लोगों से पर्चियां छपवाकर पैसे की “गुराही” करने के सरकार के प्रयासों की कड़े शब्दों में निंदा की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष परागपुर विनोद शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार पहले ही प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब कर चुकी है और अब वह सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गरिमा से भी खिलवाड़ कर रही है।
विनोद शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने प्रागपुर के लोहड़ी उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा दिया था और तब से इसका आयोजन होता आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने इस राज्य स्तरीय उत्सव की मर्यादा को लगातार ठेस पहुंचाने का प्रयास किया है। पूरे प्रदेश में लोहड़ी उत्सव के नाम पर प्रागपुर को बदनाम किया जा रहा है।
विनोद शर्मा ने कहा कि इससे पहले भी इस उत्सव के आयोजन का स्तर गली-मोहल्ले के कार्यक्रम जैसा कर दिया गया था, लेकिन इस बार तो उत्सव की गरिमा को पूरी तरह तार-तार कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पर्चियां छपवाकर लोगों से गुराही करना न केवल उत्सव की मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि यह प्रागपुर के लोगों का अपमान भी है।
भाजपा ने मांग की कि राज्य स्तरीय लोहड़ी उत्सव का आयोजन पूरी तरह सरकारी खर्चे पर किया जाए और जनता से गुराही लेना तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि लोहड़ी एक लोकपर्व है, जिसमें लोग अपने घरों से ही खिचड़ी खाकर आते हैं, बच्चे लोहड़ी मांगते हैं, रेवड़ी, मूंगफली, गच्चक और हार का आदान-प्रदान होता है। रात्रि के समय प्रत्येक प्रागपुरवासी अपने घर में अग्नि प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना करते है और मंदिरों को सजाया जाता है, जिसमें सभी लोग सहभागिता निभाते हैं। इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं होती।
