हिमाचल में 22 अक्टूबर से रात के तापमान में कमी आने की संभावना, जाने मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश में अगले 6 दिनों तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। प्रदेश का औसत अधिकतम व न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा चल रहा है। ऊना और कांगड़ा के न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटे के दौरान जरूर कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 अक्टूबर तक तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। 22 अक्टूबर के बाद कुछ शहरों के रात के तापमान में कमी आ सकती है।
कांगड़ा के पालमपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम होने के बाद 11 डिग्री सेल्सियस रह गया है। धर्मशाला का न्यूनतम तापमान भी सामान्य की तुलना में 2.3 डिग्री की गिरावट के बाद 12 डिग्री, नाहन का 1.9 डिग्री लुढ़कने के बाद 16.5 डिग्री और ऊना का सामान्य से 0.2 डिग्री कम होने के बाद 13.5 डिग्री सेल्सियस रह गया है। इसके विपरीत सोलन के न्यूनतम तापमान में सामान्य की तुलना में 4.2 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। इससे सोलन की रातें गर्म हुई है। अधिकतम तापमान की बात करें तो कल्पा का पारा सामान्य की तुलना में 3.4 डिग्री ज्यादा के साथ 21.8 डिग्री सेल्सियस हो गया है। शिमला का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा के साथ 23.6 डिग्री सेल्सियस चल रहा है।
