हिमाचल में आज ओलावृष्टि-तूफान का ऑरेंज अलर्ट, जाने कब तक खराब रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में अगले 6 दिनों तक बारिश के आसार है। मौसम विभाग ने आज और कल 10 जिलों में तेज बारिश, तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, किन्नौर और लाहौल स्पीति के अलावा अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट बताया गया है। निचले व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में तेज बारिश और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। लाहौल स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिला के अधिक ऊंचे पहाड़ों पर हिमपात होने के आसार है। कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर आठ अप्रैल तक निरंतर मौसम खराब रहेगा। पांच से सात अप्रैल तक कोई चेतावनी नहीं दी गई, लेकिन मौसम पूरे प्रदेश में खराब रहेगा। आठ अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टरबेंस और स्ट्रांग होगा। इसे देखते हुए फिर से तेज बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क और अधिक ऊंचे क्षेत्रों की यात्रा टालने की सलाह दी है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल क्षेत्र में हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगा दी है। डीसी लाहौल स्पीति किरण भडाना ने बताया कि सुरंग के आसपास की पहाड़ियां, चंद्रा नदी पुल क्षेत्र और ढलानें हिमस्खलन व मलबा गिरने के लिए अत्यधिक संवेदनशील है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां रोकी गई है।
