बंदर मारने के लिए चली गोली युवती को लगी... हिमाचल के पुलिस हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर पर गोली चलाने का आरोप
( words)
बदंर को मारने के लिए चली थी गोली लेकिन गोली जाकर एक युवती को लग गई। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गई। हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट उपमंडल के कठोगण गांव में 28 जनवरी को हुई गोलीबारी के मामले में अब पुलिस हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर पर आरोप लगे हैं। यह आरोप उनके ही रिश्तेदारों ने लगाए हैं। युवती प्रमिला के माता-पिता, रामदीत्ता और मंशा देवी ने लिखित शिकायत में दावा किया है कि मनोज ठाकुर ने उनकी बेटी पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के अनुसार, 28 जनवरी को प्रमिला अपने घर के आंगन में काम कर रही थी, तभी किसी ने बंदरों को भगाने के लिए गोली चलाई। गोली का एक छर्रा युवती को लग गया, जिससे वह घायल हो गई। शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन अब युवती के माता-पिता ने मनोज ठाकुर पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए पुनः शिकायत दी है।
प्रमिला की मां मंशा देवी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह आरोप लगा रही हैं कि मनोज ठाकुर ने गोली चलाई थी और घटना के बाद वह चंडीगढ़ जाकर अपनी गलती मानते हुए मदद करने की पेशकश भी कर रहे थे। मंशा देवी ने पुलिस से मनोज ठाकुर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इस संबंध में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
