एचपीयू के पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में 1 अगस्त से यूपीएससी की कोचिंग शुरू
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में एक अगस्त से यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) की कोचिंग कक्षाओं का इस सत्र से बैच बैठाया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षण केंद्र ने 11 जुलाई तक इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। बैच को बैठाने के लिए 17 जुलाई को प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। मेरिट के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा। सीट आवंटन के लिए आरक्षण रोस्टर लागू होगा। यूपीएससी के इस बैच की एक अगस्त से 31 मार्च तक कुल 800 घंटे की कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसमें आरक्षित वर्ग के चयनित अभ्यर्थियों को चार हजार और सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को आठ हजार फीस दो किस्तों में केंद्र को देनी होगी। विवि ने बैच को बैठाने की तैयारियां पूरी कर दी हैं और इसके लिए पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। विवि का यह पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र इस बार नए सिरे से यूपीएससी की कोचिंग देने में दक्ष और अनुभवी संस्थाओं के साथ करार करेगा और उन्हें काम सौंपा जाएगा। इसके लिए केंद्र ने 17 जुलाई तक इच्छुक संस्थाओं से निविदाएं आमंत्रित की हैं। बुधवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। संस्थान के निदेशक प्रो. जोगिंद्र धीमान ने कहा कि एक साल के अंतराल के बाद फिर से यूपीएससी की कोचिंग कक्षाएं शुरू की जा रही हैं। बीते वर्ष कोचिंग देने वाली संस्था के साथ करार की समय सीमा समाप्त होने के कारण बैच नहीं बैठाया जा सका था। प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने को 26 जून से पोर्टल खुल जाएगा, जिसके माध्यम से छात्र 11 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। 17 जुलाई को इसकी प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। एक अगस्त से यूपीएससी की कोचिंग शुरू हो जाएगी।
