पंचायत चुनावों का रोस्टर कब होगा जारी, जाने क्या बोले अनिरुद्ध सिंह
पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने इन्दिरा गांधी खेल परिसर में पांच दिवसीय ग्रामीण स्वाद महोत्सव की शुरुआत की। इस महोत्सव में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पाद और पारंपरिक व्यजनों की बिक्री हो रही है। प्रदेश के पारम्परिक व्यंजन जिसमें कोदे के सिडडू, काबडू माश के भल्ले, चोलाई की खीर, सेब की बर्फी सहित अन्य व्यंजन शामिल हैं। पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग इन व्यंजनों का स्वाद ले रहे हैं। ये महोत्सव 7 अक्टूबर तक चलेगा।
पंचायती राज चुनावों को लेकर अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि अगले कुछ दिनों में चुनावों का रोस्टर भी जारी हो जाएगा। प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर करवाए जाएंगे। इनमें किसी तरह की देरी नहीं की जाएगी। पंचायत चुनाव पार्टी के चिन्ह पर नहीं होते हैं, लेकिन पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को चुनाव में जीत हासिल होगी। प्रदेश में कांग्रेस के संगठन होने या नहीं होने से पार्टी को चुनावों को कोई फर्क नहीं पड़ता। बिना संगठन के भी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अच्छी बढ़त हासिल करेंगे और चुनाव में कांग्रेस का दबदबा रहेगा।
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों की सुगबुगाहट तेज हो गई है। दिसंबर महीने में चुनाव होने प्रस्तावित हैं, जिसको लेकर इन दिनों चुनाव आयोग तैयारियों में जुटा है। वहीं, कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी समस्या प्रदेश में संगठन का न होना है। कांग्रेस ने बीते साल प्रदेश अध्यक्ष के पद को छोड़कर पूरी कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग कर दिया था, लेकिन अभी तक कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी का गठन नहीं कर पाई है। ऐसे में कांग्रेस समर्थित कितने प्रत्याशी पंचायत चुनाव जीतते हैं ये नतीजों के बाद ही पता चल पाएगा।
