ऊना : भाजपा देती है तो कांग्रेस छीनने का काम करती है: धूमल
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को ऊना जिला मुख्यालय के एमसी पार्क के बाहर आक्रोश रैली निकाली। रैली में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल जमकर प्रदेश सरकार के खिलाफ गरजे। धूमल ने कहा कि भाजपा की सरकार जब-जब सत्ता में आती है तो वह प्रदेश को तोहफे देती है, जनता को सुविधाएं देती है। प्रदेश का कल्याण करती है लेकिन इसके उल्ट जब जब कांग्रेस की सरकार आती है प्रदेश का हक, जनता का हक छीनने का काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल को आगे बढ़ाने का काम किया। प्रदेश की सरकार रहे, चाहे केंद्र की सरकार रही, हिमाचल को दिया ही है और आज सुक्खू सरकार हिमाचल में सत्ता में आने के बाद से लगातार तालेबंदी करने का काम बदले की भावना से कर रही है। धूमल ने कहा कि यह जो संस्थान भाजपा की सरकार में खोले गए हैँ, ये कोई भाजपा के दफ्तर नहीं हैँ। ये पूरे समाज के लिए, प्रदेश के लिए हैं, इलाकों के लिए हैं, इसलिए ये संस्थान बंद कर जनता की दिक्कतें बढ़ाई जा रही हैँ। धूमल ने कहा कि कांग्रेस का प्रदेश में और केंद्र में इतिहास ही झूठ बोलने का रहा, छीनने का रहा है, कभी हर परिवार से रोजगार की बात की गई, कभी गरीबी हटाने के बाद की गई, कभी हिमाचल प्रदेश को मिले औद्योगिक पैकेज को वापस लेने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के साथ धक्काशाही करने का काम किया है और आज जनता जवाब मांगती है।
धूमल ने कहा कि महज 3 महीने के कार्यकाल में जनता सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आई है तो समझा जा सकता है कि मौजूदा सरकार का कार्यकाल किस तरह का है। जब भी नहीं सरकार बनती है तो जनता को उम्मीद रहती है कि नई सरकार जनता को कुछ नया देगी, लेकिन यह अजीबोगरीब सरकार है, जिसने आते ही पूर्व सरकार के जनता को दिए गए संस्थान और तोहफे वापस लेने का काम किया है। उन्होंने कहा कि साल 2022 में पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खुले के सभी संस्थानों को डिनोटिफाई किया गया है, धूमल ने सवाल किया कि क्या वर्तमान सरकार जनता द्वारा चुनी गई किसी सरकार के अंतिम साल को बिल्कुल भी मान्यता नहीं देती है। पूर्व सरकार के समय जितने भी संस्थान खोले गए वे केवल मात्र बीजेपी के लिए नहीं खोले थे वे जनता की सुविधाओं के लिए खोले गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार ऐसी अनजानी सरकार है, जिसे प्रदेश की जनता की कोई फिक्र ही नहीं है। धूमल ने कांग्रेस द्वारा दी गई गारंटी को लेकर कांग्रेस को जमकर घेरा, उन्होंने कहा कि 1 लाख रोजगार देने की बात करने वाली कांग्रेस बताए कि पहली कैबिनेट में कितने लोगों को रोजगार दिया गया, पहली ही कैबिनेट में महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने का ऐलान किया गया था कांग्रेस बताए कि कितनी महिलाओं को या राशि दी गई। कांग्रेस द्वारा दो रुपये किलो गोबर और 100 रुपये किलो दूध खरीदने के वादे पर भी जमकर प्रहार किया। धूमल ने कहा कि भाजपा नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा डिनोटिफाई किए गए संस्थानों के खिलाफ आंदोलन शुरू किया है वे सभी कार्यकर्ता मिलजुल कर इस आंदोलन के भागीदार बने और सरकार को उसकी गलत नीतियों के प्रति सचेत करें। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, एचपीएसआईडीसी के पूर्व अध्यक्ष प्रो. रामकुमार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी सुमित शर्मा जिला प्रभारी विनोद ठाकुर जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा जिला महामंत्री श्याम मिन्हास, राजकुमार पठानिया, महिला मोर्चा की राज्य सचिव मीनाक्षी राणा, संतोष सैनी, रितिका भारद्वाज, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा, शादी लाल गोस्वामी, धर्मेंद्र राणा, अजय जोशी, सतीश शर्मा ,पवन बीटन, उर्मिला चौधरी ,प्रोमिला ठाकुर ममता कश्यप, ओंकार नाथ कसाना सहित सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
