इंदौरा : अरनी विवि कुलपति पर हमले करने के आरोपी जमानत पर रिहा
कुछ दिन पूर्व अरनी विवि के कुलपति पर कथित हमले में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय द्वारा जमानत पर रिहा कर दिया गया। तो वहीं मामले में संलिप्त अन्य कथित आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर छापामारी कर रही है।
मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा ने बताया कि उक्त मामले में कुल 7 व्यक्तियों को पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर नामजद किया गया था, जिनमें से 3 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य 4 आरोपी अभी फरार चल रहे हैं, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के इस मामले पर सत्ता पक्ष पर किए गए जुबानी हमले के बाद यह मामला सुर्खियों में आया था। वहीं, डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि उक्त वारदात के समय आरोपियों के पास डंडे, रॉड व द्रात आदि जैसे हथियार होने के पर्याप्त प्रमाण उन्हें टेक्निकल इंटेलिजेंस व अन्य संसाधनों से प्राप्त हुए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।
विधायक और एसडीएम पर एफआईआर न की तो जाएंगे कोर्ट : कुलपति
वहीं, अरनी विश्वविद्यालय के चांसलर विवेक सिंह ने पुलिस को एक शिकायत पत्र दिया है, जिसमें उन्होंने सत्ता पक्ष के एक विधायक व एक प्रशासनिक अधिकारी पर भी उन्हें कथित रूप से धमकियां देने का ऑनलाइन शिकायत पत्र पुलिस को दिया है। डॉ. विवेक सिंह ने कहा कि यदि आगामी दो दिन में पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं करती है तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
