इंदौरा : भाजपा हर मामले को राजनीतिक रंग देने का कर रही प्रयास : मनकोटिया
-कहा, कुलपति पर हुए हमले मामले में आरोपियों में भाजपा के करीबी ज्यादा
भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं रहा है, जिसे लेकर वह सरकार पर बात करे, ऐसे में हर बात को मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा यदि अपने पिछले 5 साल के अपने कार्यकाल में सरकारी धन से की गई कथित ऐश परस्ती व धांधलियों पर नजर डाले तो अच्छा होगा। यह बयान ब्लॉक कांग्रेस इंदौरा के अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया, पौंग बांध विस्थापन पुनर्वास बोर्ड के निदेशक मंडल सदस्य कुलदीप कीपा, डॉ. विशाल ठाकुर, प्रधान भोपाल कटोच व ब्लॉक उपाध्यक्ष कांग्रेस मनजीत ठाकुर ने संयुक्त रूप से दिया। वे हाल ही में अरनी यूनिवर्सिटी के चांसलर द्वारा दर्ज करवाए गए कथित हमले के मामले पर भाजपा द्वारा की जा रही राजनीतिक बयानबाजी पर पलटवार करने हेतु वन विभाग विश्राम गृह इंदौरा में प्रेस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के जो नेता कल तक यह कह रहे थे कि कांग्रेस की सरकार में माफिया का राज है और कांग्रेसी लोग सत्ता के नशे में गुंडागर्दी कर रहे हैं, वे बताएं कि जिन लोगों के नाम उक्त मामले में सामने आए हैं उनमें से भाजपा के कितने हैं और उन पर भाजपा चुप क्यों है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बताएं उक्त मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उनमें से भाजपा के नेताओं के कारोबारी पार्टनर कौन-कौन हंै। वहीं भाजपा द्वारा स्थानीय विधायक व एसडीएम के नाम पर मामला दर्ज करवाने को लेकर की गई बयानबाजी पर मनकोटिया ने कहा कि भाजपा को राजनीति का स्तर इतना नीचे नहीं गिराना चाहिए कि कल को उनकी बातें उन्हीं पर लौट आएं।
उन्होंने कहा कि यदि कोई संस्थान हमारे क्षेत्र के कर्मचारियों का शोषण करता है और बिना कोई पूर्व नोटिस दिए उन्हें नौकरी से निकाल देता है और कर्मचारी अपने लोकतांत्रिक हक का प्रयोग करते हुए हड़ताल पर जाने की बात करते हैं तो ऐसे में प्रशासन को कानून व्यवस्था बनाए रखने या कर्मचारियों को पुन: सेवा पर रखने की बात करना कहां गलत है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा उक्त मामले को राजनीतिक दृष्टि से देखना तर्कसंगत नहीं है।
