इंदौरा : अरनी यूनिवर्सिटी चांसलर पर हमले के मामले में गहन जांच कर रही इंदौरा पुलिस
अरनी यूनिवर्सिटी चांसलर विवेक सिंह पर हुए जानलेवा हमले को लेकर इंदौरा पुलिस कड़ाई से जांच कर रही है। अरनी यूनिवर्सिटी के कुलपति विवेक सिंह ने इंदौरा के ही जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार मिंदा के खिलाफ उन पर जानलेवा हमला करवाने का मामला दर्ज करवाया है, जिसको लेकर कल भी इंदौरा में अर्नी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसे लेकर पुलिस द्वारा यूनिवर्सिटी के कुछ बच्चों पर भी मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई जो कि एसडीएम इंदौरा व यूनिवर्सिटी के कुलपति के बीच हुई बातचीत का है। इसमें कुलपति से विश्वविद्यालय से निकाले गए कर्मचारियों को वापस काम पर रखने की बात कही गई है।
एसडीएम ने भी अपना पक्ष रखा और कहा कि उनके द्वारा सिर्फ निकाले गए कर्मचारियों को वापस नौकरी पर रखने की बात कही गई है, इसके अलावा कोई भी अन्य बात उनके द्वारा नहीं की गई है। उन्हें बिना किसी बात के इस मामले में घसीटा जा रहा है।
वहीं, इस मामले में जब थाना प्रभारी इंदौरा अशीष पठानिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की कड़ी जांच की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ले ली हैं, लेकिन सभी फुटेज 4 से 5 घंटे की हैं, जिन्हें जांचने में थोड़ा समय लगेगा।
