इंदौरा : मिनर्वा कॉलेज में रिजुल मिस्टर फ्रेशर और नेहा को चुना मिस फ्रेशर
-कॉलेज में बीएड द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थिया को दी फ्रेशर पार्टी
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में बीएड के द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं हेतु फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती को माल्यार्पण से हुआ। कार्यक्रम में मिनर्वा कॉलेज के अध्यक्ष जेएस पटियाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने नए प्रशिक्षु अध्यापकों के मंगल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया और उनको भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा की गई। कार्यक्रम का आरंभ रचनात्मक तरीके से किया गया, जिसके बाद विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए। इस मौके पर विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर रैंप वॉक, डांस कॉम्पिटिशन व अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें मिस्टर फ्रेशर रिजुल और मिस फ्रेशर नेहा को चुना गया। वहीं, अर्चित को मिस्टर पर्सनालिटीऔर काजल को मिस पर्सनैलिटी चुना गया। इसी दौरान नरेश को मिस्टर हैंडसम और दीक्षा को मिस ब्यूटीफुल चुना गया। समारोह के अंत में कॉलेज के अध्यक्ष जेएस पटियाल और प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा चुने हुए प्रशिक्षु अध्यापकों को मंच पर सम्मानित किया गया।
समारोह में लोहड़ी के त्योहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में लोहड़ी पूजन किया गया, जिसमें पॉपकॉर्न, मूंगफली और मिठाइयां वितरित की गईं। विद्यार्थियों ने पंजाबी गीतों पर डांस किया, लोहड़ी के गीत गाए आदि। सभी ने छात्रों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि पंजाब में रहने वाले लोग लोहड़ी को बहुत महत्व देते हैं क्योंकि यह त्योहार लोगों को भगवान के प्रावधानों के लिए आभारी होने और उनकी रचनाओं का जश्न मनाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत को महत्व देने के लिए प्रोत्साहित किया।
