इंदौरा: राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं ने लिया तंबाकू मुक्त जीवन का प्रण
नाडा इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में आज एंजेल दिव्यांग आश्रम में राष्ट्रीय युवा दिवस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें नूरपुर के एसपी अशोक रत्तन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में तीन विधानसभाओं के 15 युवा क्लबों एवं महिला मंडलों ने भाग लिया और तंबाकू मुक्त जीवन का प्रण लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसपी ने बताया कि तंबाकू का उपयोग युवाओं के लिए एक धीमा जहर साबित होता है। तंबाकू नियंत्रण के तहत कोटपा अधिनियम के अंतर्गत स्कूलों के आसपास इस पर विशेष नजर रखनी चाहिए। स्कूलों के उपयोग कोटपा का सख्ती से पालन हो यह जरूरी है। यह सुखद है कि नियमों का शक्ति से पालन किया जा रहा है।
इस अवसर साहित्यकार पंकज दर्शी ने बताया कि सृजन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को इनोवेशन और इन्नोवेटिव कार्यक्रमों से जोड़ने के प्रयास किया जा रहे हैं। इस दिशा में लिए गए प्रयास युवा व्यवहार में बड़े बदलाव करने में सक्षम हैं। बात को आगे बढ़ाते हुए नेहरू युवा केंद्र के नरेश कुमार ने कोटपा अधिनियम में तंबाकू खरीददार की मौजूदा आयु 18 से बढ़ाकर 21 करने का समर्थन किया।
वहीं, नाडा इंडिया के मंगल सिंह ने कहा कि नाडा यंग इंडिया तंबाकू मुक्त हिमाचल और युवा के लिए सदैव से संघर्षरत है। युवा दिवस जैसे महत्वपूर्ण दिन युवाओं के लिए नव संचार का बड़ा स्रोत होते हैं। यह दिन युवाओं के सपनों को संबल देता है। कार्यक्रम में हनुमान युवक मंडल, परशुराम युवक मंडल, नोबल कम्युनिटी फाउंडेशन एवं एंजेल दिव्यांग की मौजूदगी ने सकारात्मक संदेश दिया कि भविष्य की राह कठिन जरूर किंतु नामुमकिन नहीं।
