दयानंद आदर्श विद्यालय में इंटर हाउस ग्रुप डांस प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजित
दयानंद आदर्श विद्यालय में मंगलवार को इंटर हाउस ग्रुप डांस प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोहित भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गौरव राजपूत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ।
मुख्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय की प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल, आर्य समाज के पदाधिकारियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों द्वारा किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विरजानंद सदन ने वीर संभाजी के जीवन पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि दयानंद सदन ने शिव-शक्ति की मनमोहक प्रस्तुति दी। श्रद्धानंद सदन ने "स्पेक्ट्रम ऑफ टाइम" और विवेकानंद सदन ने "द रोअर ऑफ नरसिम्हा" विषय पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष 2025 के मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट बोर्ड परीक्षा परिणाम देने तथा वर्ष 2025 में न्यूनतम अवकाश लेने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि रोहित भारद्वाज और गौरव राजपूत ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में उच्च आदर्श अपनाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के परिणामों में विवेकानंद हाउस को "हाईली रिकमेंडेड" (सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति), दयानंद हाउस को प्रथम, श्रद्धानंद हाउस को द्वितीय तथा विरजानंद हाउस को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
