जयसिंहपुर : राष्ट्र स्तरीय कला उत्सव में रोपड़ी के अखिल ने विजुअल आर्ट में जीता सोना
** बचपन से ही था ड्राइंग का शौक, कोरोना काल में शुरू किया पोर्ट्रेट बनाना
** अब राष्ट्र स्तर पर रोशन किया क्षेत्र और प्रदेश का नाम
** गुरु करण और अपने माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय
देश की राजधानी दिल्ली में 7 जनवरी से 13 जनवरी तक राष्ट्र स्तरीय कला उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के रोपड़ी गांव के अखिल ने विजुअल आर्ट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। अखिल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोसरी में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। अखिल ने इससे पहले भी जिला एवं राज्य स्तर पर कई अवॉर्ड अपने नाम किए हैं। अब राष्ट्र स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय के साथ प्रदेश का नाम भी रोशन किया है।
अखिल को बचपन से ही ड्राइंग का शौक है। वर्ष 2020 में कोविड काल में जब सब कुछ बंद था तो अखिल ने पोर्ट्रेट बनाने का काम शुरू किया और अपने अंदर छिपी इस कला को निखारा। अखिल ने इस उपलब्धि का सारा श्रेय अपने गुरु करण और अपने माता-पिता को दिया है। वहीं बखिल द्वारा राष्ट्रीय स्तरीय पुरस्कार जीतने की सूचना जब गांववालों को मिली लगी तो हर कोई अखिल की तारीफ किए बिना नहीं रह पाया।
