जयसिंहपुर: वेतन न मिलने पर फूटा बिजली बोर्ड के कर्मचारियों का गुस्सा
-यूनियन की लंबागांव इकाई ने किया धरना-प्रदर्शन
-कहा, मांगें नहीं मानी तो लंबे संघर्ष के लिए तैयार रहे बोर्ड
हिमाचल प्रदेश राज्य बोर्ड विद्युत परिषद कर्मचारी यूनियन की लंबागांव इकाई ने समय पर वेतन व पेंशन न मिलने पर सरकार के खिलाफ आज धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि बिजली बोर्ड के 52 वर्ष के इतिहास में पहली बार 3 तारीख तक भी वेतन व पेंशन की अदायगी नहीं हुई है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश एम्प्लाइज यूनियन विद्युत बोर्ड मैनेजमेंट से मांग की है कि विद्युत बोर्ड कर्मचारियों के वेतनमान, पेंशन व अन्य अदायगियों का समय पर भुगतान करना सुनिश्चित करे।
यूनियन के सचिव संजय कुमार ने कहा कि बिजली बोर्ड प्रबंधन अगर कर्मचारियों की मांगें नहीं मानता है तो लंबे संघर्ष के लिए तैयार रहे। यूनियन कर्मचारी हितों के लिए इस संघर्ष को विधानसभा तक ले जाएगी।
इस धरना-प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशन यूनियन के प्रधान तानी राम राणा, विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन लंबागांव के प्रधान रमेश कुमार, विशाल धीमान, सचिव संजय कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान सुजीत कुमार, सुरेश कलोत्रा, वीरेंदर राणा मोहित सहित अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे।
