जयसिंहपुर: 18 करोड़ से बनेंगी नहालना -गदियाड़ा और कोसरी-धुपक्यारा झूंगा देवी सड़क : गोमा
-मंत्री बनने के बाद जालग पहुंचने पर समर्थकों ने जलेबियों से तोला
-कहा, लोगों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही योजनाएं
कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार गरीबों, युवाओं, महिलाओं, निराश्रितों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए कटिबद्ध है। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर कल्यणकारी योजनाओं को क्रियान्वित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को सही रूप में लाभ प्राप्त हो सके।
गोमा बुधवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जालग में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में बोल रहे थे। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार जालग पहुंचे यादविंदर गोमा का बैंड बाजे और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों ने उन्हें मंत्री बनाने पर जलेबियों से तोला।
गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र के लोगों के स्नहे और आशीर्वाद से वे विधायक बनें और राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें कैबिनेट मंत्री रूप में प्रदेश की सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि मंत्री के रूप में जो जिम्मेदारी, उन्हें सौंपी गई है उसपर खरा उतरते हुए जयसिंहपुर के विकास को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में नहालना से गदियाड़ा सड़क के सुधार तथा विस्तार कार्य के लिए 7 करोड तथा कोसरी से धुपक्यारा झूंगा देवी सड़क के विस्तार तथा सुधार कार्य के लिये 11 करोड़ स्वीकृत किये गये हैं। इसके अतिरिक्त डगरुही चंद्रोण कछेड़ा सड़क का निर्माण नाबार्ड के तहत किया गया है और इस पर 2 करोड़ 95 लाख व्यय किये गये हैं।
मंत्री ने कहा कि जालग स्वास्थ्य केंद्र में तीन माह में डिजिटल एक्स रे मशीन और तकनीशियन उपलब्ध करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि जालग में बैडमिंटन कोर्ट तथा वॉलीबाल कोर्ट का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और यहां हाई मास्क लाइट भी लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आयेंगे।
