धर्मपुर : जलशक्ति मंत्री ने धर्मपुर विस क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सुनी जन समस्याएं
अधिकतर समस्याओं का मौके पर किया निपटारा
अजय सूर्या।धर्मपुर
जल शक्ति , बागवानी, राजस्व व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि गत साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान जय राम ठाकुर सरकार ने समूचे प्रदेश में अभूतपूर्व विकास किया है। जनकल्याण को सर्वोच्च अधिमान देते हुए सरकार ने नेक नियत, नई सोच व मजबूत इरादों के साथ अनेक महत्वकांक्षी योजनाएं व कार्यक्रम आरम्भ किए हैं, जिनका समाज के अंतिम पायदान में बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केन्द्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है। महेंद्र सिंह ठाकुर आज धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सकोहटा, सकोह, लाम्बरी, मन्योह, ढुल्ली, चड़वालका व तासली में जन समस्याएं सुनने के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस बीच उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा अधिकत्तर का मौके पर ही निपटारा कर शेष समस्याओं बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
हिमाचल में खुला नौकरियों का पिटारा
महेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में विभिन्न विभागों में 5 हज़ार से अधिक पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। इनमें से जल शक्ति विभाग मेें 3970 पद भरे जाएंगे। मंत्रीमंडल की बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य सरकार अग्निवीरों को नौकरियां सुनिश्चित करेगी और उन्हें रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग में पंचायत सचिवों के 389 पद व तकनीकी सहायक के 124 पद सृजित करने और कर्मचारी चयन बोर्ड के माध्यम से सीधी भर्ती द्वारा 40 पद अनुबंध आधार पर भरने की स्वीकृति भी प्रदान की है। साथ ही 124 ग्राम रोज़गार सेवक भरने की भी स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने बताया कि राज्य कर एवं आबकारी विभाग में पुलिस कर्मियों के 73 पद भी सृजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में विभिन्न विद्यालयों को स्तरोन्नत करने व विभिन्न पद सृजित करने के साथ साथ वाणिज्य व विज्ञान की कक्षाओं की स्वीकृति भी प्रदान की है।
साथ ही विभिन्न छात्रवृतियों में भी बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय बलद्वाड़ा में विज्ञान की कक्षाएं शुरू करने व विभिन्न श्रेणियों के 10 पद भरने की अनुमति प्रदान की। उन्होंने बताया कि जवाहर लाल नेहरू राजकीय अभियान्त्रिकी महाविद्यालय सुन्दरनगर में बीटेक कम्पयूटर विज्ञान एवं अभियान्त्रिकी तथा एमटेक सिविल अभियान्त्रिकी आरम्भ करने तथा विभिन्न श्रेणियों के पदों को सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। उन्हाेंने कहा कि बैठक में विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्राें को स्तरोन्नत करने का भी फैसला लिया गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पद सृजित करने का भी निर्णय हुआ है। महेंद्र सिंह ठाकुर ने क्षेत्र की जनता से धर्मपुर की विकास यात्रा में साथ मिलकर चलने का आह्वान किया ताकि यहां के विकास कार्यों को न केवल आगे बढ़ाया जा सके, बल्कि एक नया मुकाम दिया जा सके।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत टीहरा अंजू रांगड़ा सहित अधिशाषी अभियन्ता जलशक्ति राकेश पराशर, अधिशाषी अभियंता विध्दुत विभाग सुनील चन्देल, एसएमएस बागबानी रमेश ठुकराल, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग नरेन्द्र राणा, सहायक अभियंता विद्धुत विभाग विनेश कुमार पंचायती राज संस्थानों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
