जवाली: नियांगल में भूस्खलन प्रभावितों से मिलने पहुंचे भाजपा नेताओं को सुननी पड़ी खरी-खरी

गुस्साए लोग बोले- पांच साल में सांसद के दर्शन तक नहीं हुए, त्रासदी में नहीं जाना हाल
विधानसभा क्षेत्र जवाली के अधीन पंचायत नियांगल में भूस्खलन प्रभावितों से मिलने आए भाजपा नेताओं को जनता की खूब खरी-खोटी सुननी पड़ी। भाजपा नेताओं को यह खरी-खोटी कांगड़ा- चंबा के सांसद किशन कपूर के कारण सुननी पड़ी। हुआ ज्यों कि शुक्रवार को कांगड़ा-चंबा लोकसभा प्रभारी विपिन परमार, भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, नूरपुर के विधायक रणवीर निक्का, संजय गुलेरिया भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए आए तथा नियांगल पंचायत में प्रभावितों से मिले तो वहां पर पंचायत उपप्रधान संदीप समकड़िया सहित प्रभावितों ने रोष स्वरूप कहा कि पहले बताएं कि सांसद किशन कपूर कहां हैं।
प्रभावितों ने कहा कि पांच साल में उनके दर्शन तक नहीं हुए और अब इतनी बड़ी त्रासदी आई है, तब भी सांसद बाहर नहीं निकले हैं। सांसद की 75 प्रतिशत सांसद निधि वापस हो गई है। पांच साल उनके कहीं दर्शन भी नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि सांसद किशन कपूर ने नियांगल पंचायत को गोद लिया हुआ है, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने इसकी सुध नहीं ली है। हालांकि नेताओं ने समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रभावित उनकी बात सुुनने को तैयार ही नहीं थे। भाजपा नेताओं ने कहा कि वे प्रधानमंत्री के निर्देश पर प्रभावितों से मिलने आए हैं और उनकी आवाज सरकार से उठाएंगे।