जोगिंदर नगर: भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद और रजवाड़ाशाही में नहीं रखती विश्वास- चंदन पंडित
भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी चंदन पंडित ने ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को मंडी संसदीय क्षेत्र से एक सशक्त उम्मीदवार बताते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें पार्टी प्रत्याशी बना कर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद और रजवाड़ाशाही में विश्वास नहीं रखती है। इसलिए पार्टी ने एक आम परिवार से संबंधित व्यक्ति को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश सेवा में व्यतीत किया है। जनता की समस्याओं व ज़रूरतों को समझने वाले व्यक्तित्व पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व, संगठन और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया है। इसलिए संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता का यह कर्तव्य बनता है कि वह इस निर्णय को सार्थक सिद्ध करे।
चंदन पंडित ने कहा कि अपने शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशानुसार भारतीय जनता युवा मोर्चा पार्टी प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात एक कर देगा। बूथ स्तर व ग्राम केंद्र स्तर पर युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के मध्य जाएगा और पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जनता से वोट की अपील करते हुए, यह बात भी सुनिश्चित करेगा कि इस उपचुनाव में अधिक से अधिक मतदान बूथ पर हो। चंदन पंडित ने कहा कि एक पूर्व सैनिक जिसने कारगिल व तोलोलिंग जैसी दुर्गम पहाड़ियों को युद्ध में जीतकर भारत माता के गौरव की रक्षा की है, ऐसा व्यक्तित्व आज मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता के मध्य में है जो संसद में मंडी के हितों की आवाज़ बुलंद करने का पूरा दमख़म रखता है।