जोगिंदर नगर : डॉक्टरों के रिक्त पद भरने की मांग को लेकर माकपा का प्रदर्शन
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ जोगिंदर नगर में अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए, चौंतड़ा में पार्टी के राज्य सचिवालय सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में माकपा की जोगिंदर नगर लोकल कमेटी के सचिव एवं टिकरी मुशैहरा पंचायत के प्रधान रविंदर कुमार, किसान सभा चौंतड़ा जोन की उपाध्यक्ष एवं पसल संगनेहड़ की बीडीसी सदस्य नीलम वर्मा, वरिष्ठ माकपा नेता पूर्ण चंद, भगत राम वर्मा, माकपा के लोकल कमेटी सदस्य सुदर्शन वालिया, महेंद्र सिंह, अनिल कुमार, राम सिंह, वीना देवी, माकपा नेत्री व वार्ड पंच संतोष कुमारी, निशु देवी, वीना देवी, सुनीता देवी, दुलो राम, भगत राम, सकीना देवी, राकेश कुमार, मोहन लाल सहित सैंकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। सुकाबाग मेला मैदान से चौंतड़ा बाज़ार तक महंगाई के खिलाफ तथा चौंतड़ा पीएचसी में डॉक्टरों के रिक्त पद भरने की मांग पर विशाल जलूस निकाला गया। जिसमें सैंकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार आम जनविरोधी नीतियों को लागू कर रही है। पूँजीपतियों एवं कॉर्पोरेट घरानों को लाभ देने वाली नीतियों के कारण हमारी अर्थव्यवस्था गहरी मंदी में है। पूँजीपतियों के कर्जे माफ किए जा रहे हैं, उन्हें टैक्स में छूट दी जा रही है और भारी भरकम सब्सिडी दी जा रही हैं, जबकि आम जनता की सबसिडियां छीन कर और उन पर टैक्स थोंप कर बोझ डाला जा रहा है। महंगाई व बेरोजगारी के कारण देश में भूखमरी तेजी से बढ़ रही है। महंगाई और महामारी के दौर में भी सरकार जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों को संरक्षण दे रही है।
