ज्वालामुखी : बिजली विभाग ने एनएचआई के कॉन्ट्रेक्टर पर लगाया 1,41,380 रुपये जुर्माना
उप मंडल ज्वालामुखी में वीरवार को बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता कर्णवीर सिंह पटियाल द्वारा बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। विभाग को अंदेशा था कि एनएचआई के कॉन्ट्रेक्टर द्वारा फोरलेन का काम जो किया जा रहा था, उसमें बिजली चोरी की जा रही है। अधिकारी द्वारा गंजूआ द बाग नामक स्थान पर अपनी टीम सहित औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पाया कि एनएचआई के कॉन्ट्रेक्टर द्वारा निर्माण के दौरान बिजली की सीधी चोरी की जा रही है।
मौके पर बिजली विभागीय कर्मचारियों द्वारा उक्त जगह की तस्वीरें खींची वहां मौजूद पानी के भीतर रखी मोटर व बिजली की तार को जब्त कर इसकी सूचना ज्वालामुखी पुलिस को भी दी। ज्वालामुखी बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता कर्णवीर सिंह पटियाल ने बताया कि विभाग द्वारा उक्त कॉन्ट्रेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई है। उसके खिलाफ अवैध रूप से बिजली के इस्तेमाल करने पर 1 लाख 41 हजार 380 रुपये जुर्माना लगाया गया है, वहीं इस राशि को विभाग को 1 हफ्ते के अंदर भरने की बात भी कही है।
अधिकारी ने बताया कि इस ठेकेदार पर पिछले लगभग 3 महीने से गलत तरीके से बिजली चोरी करने की वजह से यह जुर्माना लगाया गया है। कर्णवीर पटियाल ने स्थानीय जनता से अपील की है कि अगर कहीं भी जनता को ऐसी कोई भी गतिविधि के बारे में पता चलता है तो तुरंत उनसे संपर्क करें। उनकी पहचान भी गोपनीय रखी जाएगी।
