ज्वालामुखी : बिजली विभाग ने एनएचआई कॉन्ट्रैक्टर पर लगाया 2 लाख जुर्माना
उप मंडल ज्वालामुखी में बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता करणवीर सिंह पटियाल द्वारा बड़ी कार्रवाई अमल में लायी गई है। विभाग को अंदेशा था कि एनएचआई विभाग के कॉन्ट्रैक्टर द्वारा जो फोरलेन का काम किया जा रहा था, उसमें बिजली चोरी की जा रही है। वहीं अधिकारी द्वारा ठेहड़ा नामक स्थान पर अपनी टीम सहित औचक निरीक्षण किया गया, जहां उन्होंने पाया कि एनएचआई के कॉन्ट्रैक्टर द्वारा निर्माण के दौरान बिजली की सीधी चोरी की जा रही है।
बिजली विभागीय कर्मचारियों द्वारा उक्त जगह की तस्वीरें खींची वहां मौजूद पानी के भीतर रखी मोटर व बिजली की तार को जब्त कर इसकी सूचना ज्वालामुखी पुलिस को भी दी गई। बिजली विभाग के ज्वालामुखी के अधिशाषी अभियंता करणवीर सिंह पटियाल ने बताया कि विभाग द्वारा आरोपी कॉन्टै्रक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लायी गयी है। उनके खिलाफ अवैध रूप से बिजली के इस्तेमाल करने पर 2 लाख 11 हजार 721 रुपये जुर्माना लगाया गया है, वहीं इस राशि को विभाग को 1 हफ्ते के अंदर भरने की बात भी कही है। अधिकारी ने बताया कि इस ठेकेदार पर पिछले लगभग 3 महीने से गलत तरीके से बिजली चोरी करने की वजह से यह जुर्माना लगाया गया है। पटियाल ने स्थानीय जनता से अपील की है कि अगर कहीं भी जनता को ऐसी कोई भी गतिविधि के बारे में पता चलता है तो तुरंत उन्हें संपर्क करें, उनकी पहचान भी गोपनीय रखी जाएगी।
