ज्वालामुखी : पूर्व भाजपा मंत्री को सपने में भी दिख रहा विधायक संजय रतन का विकास : नीरज शर्मा
प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री नीरज शर्मा ने प्रेस बयान में कहा कि विधायक संजय रतन ने पिछले एक वर्ष में ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के हर कोने में विकास की गंगा बहाई है। उन्होंने कहा कि संजय रतन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पीने के पानी, सड़कों के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि विधायक संजय रतन ने चंबापत्तन से सपड़ी, सपड़ी से खुंडियां पनहार सड़कों के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत करवा दिए हंै और टेंडर पक्रिया जारी है, जल्द ही इन सड़कों का कार्य शुरू करवाकर जनता को समर्पित करेंगे। नीरज ने कहा कि आज विधायक संजय रतन विकास कार्य करवा रहे हैं तो भाजपाईयों को तकलीफ हो रही है और भाजपा के पूर्व मंत्री को सपने में भी संजय रतन का विकास दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व मंत्री विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने व जनता में झूठी अफवाहें फलाने का कार्य न करें।
