ज्वालामुखी: द रिपब्लिक ट्रस्ट बना बेसहारा पीड़ित गौवंश का सहारा
सड़कों पर घूम रहे घायल और बीमार बेसहारा गौवंश के उपचार के लिए द रिपब्लिक ट्रस्ट, मझीण ने पहल शुरू की है। ट्रस्ट की टीम ने नादौन और ज्वालामुखी क्षेत्र में अभियान चलाकर कई गंभीर रूप से घायल और बीमार गौवंश की पहचान की है। इनमें कई पशु सड़क दुर्घटनाओं या अन्य बीमारियों के कारण गंभीर हालत में मिले।
ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने बताया कि भारी-भरकम गौवंश का सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए ट्रैंक्विलाइज़र डार्ट गन की आवश्यकता होती है, लेकिन स्थानीय पशु चिकित्सालयों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इस समस्या को लेकर ट्रस्ट ने 27 जून को उपायुक्त हमीरपुर और 4 जुलाई को एसडीएम नादौन से मुलाकात की।
एसडीएम नादौन ने ट्रस्ट को जानकारी दी कि अगले दो सप्ताह के भीतर पशु चिकित्सालय नादौन को ट्रैंक्विलाइज़र डार्ट गन उपलब्ध करा दी जाएगी। इस बीच एसडीएम, बीडीओ और पशु चिकित्सक डॉ. संदीप पाटिल के सहयोग से गलू क्षेत्र में एक घायल बैल का सफल रेस्क्यू किया गया।
ट्रस्ट के स्वयंसेवकों मनोहर लाल गांधी, रविंद्र, रघुवीर और मोहिंदर पटवारी ने बताया कि अभी तक केवल नादौन क्षेत्र में 10 से 12 घायल बेसहारा गौवंश की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि संस्था को प्रदेश के अन्य जिलों से भी रेस्क्यू के लिए लगातार फोन आ रहे हैं। ट्रस्ट ने समाजसेवियों और दानदाताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्याप्त सहयोग मिलने पर पूरे हिमाचल में बेसहारा और पीड़ित गौवंश के संरक्षण एवं उपचार के लिए अभियान चलाया जाएगा।
