ज्वालामुखी: खुंडियां अस्पताल में महिला की हार्ट अटैक से मौ*त, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप
ज्वालामुखी उप मंडल के तहत खुंडियां अस्पताल में शुक्रवार को एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला की हार्ट अटैक से दुखद मौत हो गयी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि वह महिला को समय रहते सीएचसी खुंडियां अस्पताल ले गए थे, परंतु वहां चिकित्सक नहीं होने की वजह से महिला की मौत हो गयी। मृतका की पहचान सियोटी गांव की 62 वर्षीय शकुंतला देवी पत्नी स्वर्गीय किशोर चंद के रूप में हुई है।
मृतका के परिवार वालों ने कहा कि अस्पताल में तैनात चिकित्सक किसी काम के लिए अपने उच्च अधिकारियों से मिलने गए हुए थे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से सवाल किया है कि अगर कोई चिकित्सक किसी काम से बाहर गया है तो उनकी गैरहाजरी में मरीजों की जिम्मेदारी कौन लेगा। महिला के परिवारजनों ने कहा कि चंगर क्षेत्र का खुंडियां एक मात्र अस्पताल है, जहां सैकड़ों मरीज अपने इलाज के लिए आते हैं, लेकिन वहां ऐसी अव्यवस्था होने की वजह से आज एक महिला की जान चली गयी।
वहीं, इस संदर्भ में बीएमओ ज्वालामुखी डॉक्टर संजय बजाज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि खुंडियां अस्पताल में 2 डॉक्टर हैं, इनमें से एक चिकित्सक डेपुटेशन पर है व दूसरे डॉक्टर को मीटिंग के लिए बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि महिला की रिपोर्ट मंगवाई गयी थी, जिसमें उसकी हालत बेहत नाजुक थी।
