करसोग : महिलाओं को जल्द मिलेंगे 1500 रुपये : प्रतिभा सिंह
** कहा, प्रदेश सरकार हर गारंटी को पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध
** सांसद ने महिला सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
** सम्मेलन में एक हजार से अधिक महिलाओं ने लिया भाग
करसोग के राम लीला मैदान में आज महिला जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्यातिथि मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह रहीं। सम्मेलन में एक हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। सांसद ने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार के घोषणा पत्र के अनुसार शीघ्र ही पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देना शुरू कर दिया जाएगा, जिस पर प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस घोषणा को पूरी करने में जो देरी हुई है, उसका कारण प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा है। सांसद ने कहा कि सरकार हर गारंटी को पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि महिलाओं के विकास व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का अहम योगदान रहा है। उन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाकर महिलाओं को शिक्षित किया है, जिसके परिणामस्वरूप महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने प्रदेश व देश में महिलाओं को आगे लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विकास का दूसरा नाम कांग्रेस पार्टी है। उन्होंने आने वाले लोकसभा चुनावों में महिलाओं से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में समर्थन देने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो प्रदेश व देश का सर्वांगीण विकास कर सकती है।
उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा जो गारंटिया दी गई है उन्हे आने वाले चार सालों में चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जायेगा जिसके लिए प्रदेश की सरकार प्रयासरत है। सांसद ने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं की मांग पर सिविल अस्पताल करसोग में स्त्री रोग विशेषज्ञ का पद भरने का आश्वासन दिया और रामलीला मैदान में मंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपए देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर सांसद प्रतिभा सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और उन्होंने महिलाओं के साथ सामुहिक नाटी में भी भाग लिया। सम्मेलन में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें मंडी व शिमला से आए स्त्री रोग विशेषज्ञों ने उपचार व विभिन्न बीमारियों से संबंधित परामर्श भी प्रदान किया। इस कैंप में लगभग 200 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।