कुल्लू: नेपाली मूल के व्यक्ति से 1.220 किलोग्राम चरस बरामद, अब पुलिस खगाल रही नेटवर्क
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पतलीकूहल पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नेशनल हाईवे-03 पर 15 मील के पास स्थित शिव बावड़ी में रूटीन गश्त के दौरान की गई। पुलिस ने संदिग्ध हालत में घूम रहे एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.220 किलोग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय भीमू ओली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी बताया जा रहा है।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ ठोस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। इस संबंध में पतलीकूहल पुलिस थाना में मुकदमा संख्या 31/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
