संसारपुर टैरेस में दिनदहाड़े चोरी, 4.20 लाख के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में चोरी का एक मामला सामने आया है। संसारपुर टैरस में चोरों ने घर में मौजूद सेवानिवृत्त शिक्षिका की व्यस्तता का फायदा उठाकर दूसरे कमरे में रखी अलमारी से सोने के गहने और नकदी चुरा ली। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 4.20 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के समय महिला घर में कपड़े धो रही थीं, जबकि उनके पति दुकान पर गए हुए थे। महिला की शिकायत पर संसारपुर टैरस पुलिस थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी और घर में सेंध लगाने का मामला दर्ज किया गया है।
सुबह आठ बजे सुनाई दी कमरे में किसी के चलने की आवाज
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि 22 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे वह घर में कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान उन्हें सामने वाले कमरे में किसी के चलने की आवाज सुनाई दी। महिला ने शुरुआत में आवाज को अपने पति के घर लौटने का संकेत समझा। उस समय उनके पति दुकान पर गए हुए थे। बाद में जब पति दुकान से वापस आए तो उन्होंने घर में अलमारी खुली देखी और पत्नी से इस बारे में पूछा।
अलमारी का लॉकर खुला मिला, लाखों के गहने गायब
इसके बाद कमरे में जाकर अलमारी की जांच की गई तो उसका लॉकर खुला मिला। जांच करने पर उसमें रखे सोने के गहने और नकदी गायब पाए गए। चोर पांच सोने की अंगूठियां, एक टीका, एक नथ, गले की एक चेन, सोने के दो टॉप्स और 20 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 4.20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
एसपी देहरा संदीप धवल के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े तथ्यों और आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
