कुनिहार: गुरु पूर्णिमा पर बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण कथा का हुआ समापन

सोलन विकास खंड की पट्टाबरौरी पंचायत के श्री बांके बिहारी मंदिर में चल रही 6 दिवसीय कृष्ण कथा को विराम दिया गया। आज गुरु पूर्णिमा पर मंदिर में भव्य आयोजन हुआ। आचार्य हरी महाराज ने 6दिनों तक श्री कृष्ण कथा का सुंदर बखान किया। सेवा धाम के प्रेस सचिव डी डी कश्यप ने बताया कि इस मौके पर यज्ञ हुआ। जिसमें गांव और देश की समृद्धि की लिए आहुति देकर कथा, गीता, रामचरितमानस का अध्ययन करने और सनातन धर्म का प्रचार करने का संकल्प लिया गया। कथाव्यास ने कहा कि इस कलियुग में मनुष्य को भगवान की भक्ति करने से ही मोक्ष प्राप्ति होगी।
कथा व्यास हरि जी महाराज ने बताया कि कलियुग में श्रीमद्भागवत गीता और रामचरितमानस का मनुष्य को अध्ययन जरूर करना चाहिए। बचपन से ही अपने बच्चों को प्रेरित करें। जिससे की धर्म की रक्षा हो सके। कलियुग में मनुष्य माया में फंस चुका है। इसीलिए अपने खून के रिश्तों से भी तकरार करने लगते हैं। जबकि श्रीमद्भागवत कथा का अध्ययन करने से माया से दूरी और भक्ति की ओर मनुष्य बढ़ता है। क्योंकि जीवन में जन्म से लेकर मृत्यु तक मनुष्य का कुछ नहीं है। फिर भी मनुष्य मोह माया को छोड़ना नहीं चाहता। मनुष्य को जीवन में माता-पिता गुरु और गो रक्षा की सेवा जरूर करनी चाहिए।डी डी कश्यप ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने गुरु हरि जी महाराज को नमन करने के लिए प्रदेश व अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में भक्त अपने गुरु के दर्शन करने के लिए पहुंचे तथा गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि कुल्लू,मनाली, मंडी,विलासपुर,हमीरपुर, कांगडा, शिमला,सिरमौर आदि जिलों से हजारों की संख्या में शिष्यों ने हरि जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य के भागी बने। इसे मौके पर सभी को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।