Lahul Spiti: कडू नाला के पास भूस्खलन से उदयपुर–किलाड़ मार्ग अवरुद्ध, BRO कर रहा राहत कार्य

उदयपुर से किलाड़/पांगी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग दिनांक 10 अप्रैल को कडू नाला के पास हुए भूस्खलन के कारण पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इस मार्ग पर हुई भारी चट्टान गिरने की घटना के तुरंत बाद जिला पुलिस ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के साथ समन्वय स्थापित किया और राहत कार्य शुरू करवाया। BRO द्वारा मौके पर मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। BRO अधिकारियों के अनुसार, मार्ग को दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे के बीच हल्के वाहनों के लिए खोलने की संभावना है। मौके पर BRO और जिला पुलिस की टीमें लगातार मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
130 पुलिस कर्मियों और यात्रियों को सुरक्षित ठहराया गया
भूस्खलन के चलते मार्ग पर फंसे सभी यात्रियों को जिला पुलिस द्वारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इसके अतिरिक्त, मौके पर ड्यूटी पर तैनात 130 पुलिस कर्मियों को भी सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि जैसे ही मार्ग आवागमन के लिए पूर्ण रूप से सुरक्षित घोषित किया जाएगा, यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया जाएगा।
पुलिस की अपील: अफवाहों से बचें, सहयोग करें
इस संबंध में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) ने आमजन से अपील की है कि वे जिला प्रशासन और BRO का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी किए जा रहे हैं।