कुल्लू में लिव-इन पार्टनर की हत्या, आरोपी महिला पुलिस की गिरफ्त में
कुल्लू जिला के पतलीकूहल थाना क्षेत्र के तहत एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। वहीं, पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है. मृतक व्यक्ति आरोपी महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाहलमा में चपरासी के पद पर कार्यरत था। मृतक रंजीत सिंह निवासी उदयपुर, जिला लाहौल-स्पीति का रहने वाला था। मृतक की पत्नी पालमो ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका पति लगभग पांच वर्षों से पतलीकूहल निवासी एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहता था। 9 मार्च को गाड़ी के काम के कारण पतलीकूहल पहुंचा था और रात को महिला के कमरे में गया था। इसी दौरान फोन पर रंजीत की पत्नी से बातचीत भी हुई थी और वो नशे में लग रहा था। कमरे में रंजीत का लिव इन पार्टनर के साथ झगड़ा भी हुआ था।
पालमो ने कहा कि जब 10 मार्च को लिव इन पार्टनर ने पुलिस को सूचना दी कि रंजीत उठ नहीं रहा है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में बिस्तर पर रंजीत सिंह का शव पाया। मृतक के गले, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट और खरोंच के निशान पाए गए। आशंका ये भी है कि किसी चीज से रंजीत पर वार किया गया है। पुलिस ने हत्या का राज जानने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि 'फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी लिव-इन पार्टनर को फिलहाल हिरासत में लिया गया है। आरोपी महिला के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ये जानने का प्रयास कर रही है कि मृतक और आरोपी महिला के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था। फिल्हाल शव को पोस्टमार्टम के लिए ढालपुर अस्पताल भेज दिया है और अब इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
