मंडी में नशे पर बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़ से नशे की खेप लेकर आ रहे पति-पत्नी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एक दंपति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। सुंदरनगर पुलिस की टीम ने कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर अलसू चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी।
इस दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार में बैठी महिला की घबराहट ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक गुलेरिया और उनकी पत्नी अमीषा ने चंडीगढ़ से अपने घर लौटने के लिए ब्लाब्लाकार ऐप के जरिए गाड़ी बुक की थी।
जब पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 5.637 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। सुंदरनगर के डीएसपी भरत भूषण ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह नशा कहाँ से लाया गया था और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था।
